चरखी दादरी में बुधवार को खच्चर रेहड़ी पर गैस सिलेंडर और बाइक रखकर तेल और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के लिए किया प्रदर्शन

चरखी दादरी में बुधवार को खच्चर रेहड़ी पर गैस सिलेंडर और बाइक रखकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन कर पदयात्रा निकाली। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर तीन कृषि कानूनों की खिलाफ भी आवाज उठाई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पर्यवेक्षक अमर सिंह हलवासिया ने आरोप लगाया कि भाजपा अहंकार में डूबी है, जनता की उसे कतई परवाह नहीं है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी के दिशा निर्देश पर तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बुधवार को रोज गार्डन में एकत्रित हुए। रोज गार्डन से लाला लाजपत राय चौक तक खच्चर रेहड़ी के साथ प्रदर्शन किया गया।


अमर सिंह हलवासिया ने कहा भाजपा अहंकार में डूब चुकी है

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमर सिंह हलवासिया ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से अहंकार में डूब चुकी है। तीन महीनों से किसान सड़क पर हैं, प्रधानमंत्री के पास किसानों की बात सुनने का वक्त नहीं है। संसद में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट के मौन में भी भाजपा के सांसद शामिल नहीं हुए। ये सब भाजपा के गुरूर को दर्शाता है।


तेल और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के लिए किया प्रदर्शन 

पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान और रिटायर्ड एचसीएस ओमप्रकाश देवराला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। जनता महंगाई से बहुत परेशान है। लेकिन, सरकार सुनने को तैयार नहीं है। वरिष्ठ नेता अजीत फौगाट ने कहा कि कृषि कानून किसान के हित में नहीं है।

टिप्पणियाँ